लुधियाना में दोस्ती के भरोसे का खूनी अंजाम! पैसों के विवाद में कारोबारी का अपहरण कर हत्या, शव छप्पड़ में फेंका

लुधियाना के कपड़ा कारोबारी की दोस्ती के नाम पर मौत! 2.5 करोड़ के लेनदेन में अपहरण कर हत्या, बठिंडा के छप्पड़ में फेंका शव

15 तोले सोने के गहने पहनकर घर से निकले थे पंकज अरोड़ा, हत्या के बाद गहने भी गायब; दोस्त मिक्की आहूजा समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा।

लुधियाना: पंजाब में दोस्ती और भरोसे को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। लुधियाना के एक कपड़ा कारोबारी को उनके ही दोस्त ने कथित तौर पर पैसों के विवाद में अपने साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया और फिर उनकी हत्या कर शव बठिंडा के एक छप्पड़ में फेंक दिया। इस वारदात ने कारोबारी जगत में भी सनसनी फैला दी है।

मृतक की पहचान 50 वर्षीय पंकज अरोड़ा निवासी नौलखा गार्डन, लुधियाना के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पंकज अरोड़ा का अपने दोस्त मिक्की आहूजा के साथ करीब 2 से ढाई करोड़ रुपये का आर्थिक लेनदेन था। बताया जा रहा है कि पंकज ने मिक्की से अपने पैसे लेने थे। इसी रकम के भुगतान की बात कहकर मिक्की ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया था।

परिजनों को क्या पता था कि पैसे लेने के लिए घर से निकले पंकज दोबारा कभी वापस नहीं लौटेंगे। आरोप है कि मिक्की ने अपने साथियों अजय सिंह और शिवा के साथ मिलकर पहले पंकज का अपहरण किया और बाद में उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने शव को बठिंडा ले जाकर एक छप्पड़ में फेंक दिया, ताकि वारदात के सबूत छिपाए जा सकें।

15 तोले सोने के गहने भी हुए गायब

इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, पंकज अरोड़ा जब घर से निकले थे तो उन्होंने करीब 15 तोले सोने के गहने पहने हुए थे। लेकिन वारदात के बाद ये गहने गायब बताए जा रहे हैं। परिवार को आशंका है कि हत्या के बाद आरोपियों ने उनके शरीर से सोने के गहने भी उतार लिए।

दोस्त समेत तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

मामले की जांच के दौरान थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा और उसके दो साथियों अजय सिंह तथा शिवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर पंकज अरोड़ा की हत्या करने और शव बठिंडा के छप्पड़ में फेंकने की बात कबूल की है।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। करीब ढाई करोड़ रुपये के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद किस तरह अपहरण और हत्या जैसी खौफनाक वारदात में बदल गया, इसकी पूरी कड़ियां जोड़ने के लिए जांच जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर पैसों के लालच में इंसान किस हद तक जा सकता है, जहां सालों की दोस्ती भी एक कारोबारी की जान की दुश्मन बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *