DIG भुल्लर रिश्वत कांड में बड़ा खुलासा! IAS अफसर के नाम पर वसूले थे 21 लाख रुपये, बिचौलिए ने खोली पोल

निलंबित DIG भुल्लर के कथित बिचौलिए का कबूलनामा आया सामने, IAS अधिकारी के जरिए रिश्वत लेने का दावा; भ्रष्टाचार मामले में बढ़ सकती हैं मुश्किलें।

DIG भुल्लर रिश्वत कांड में बड़ा खुलासा! 21 लाख की रकम को लेकर बिचौलिए का कबूलनामा, IAS अफसर के जरिए काम करवाने का दावा

ED की पूछताछ में कृष्णु शारदा ने खोले कथित लेन-देन के राज, सरकारी काम और ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर लाखों रुपये लेने की बात भी मानी; CBI ने 5 लाख की रिश्वत लेते किया था गिरफ्तार

चंडीगढ़: पंजाब के निलंबित DIG हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वत मामले में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में उनके करीबी कृष्णु शारदा ने कथित तौर पर 21 लाख रुपये की रकम को लेकर अहम जानकारी दी है। ED के सामने दर्ज अपने बयान में कृष्णु ने स्वीकार किया कि उसके घर से CBI द्वारा बरामद किए गए 21 लाख रुपये एक जमीन के मुआवजे से जुड़ा काम करवाने के बदले मिले थे। इस मामले में एक IAS अधिकारी के जरिए काम करवाने का दावा भी सामने आया है।

जांच के मुताबिक, रोपड़ के DC कार्यालय में तैनात एक क्लर्क के माध्यम से अमृतसर निवासी एक व्यक्ति की जमीन से संबंधित काम करवाया जाना था। कृष्णु शारदा ने कथित तौर पर बताया कि इस काम को पंजाब के एक IAS अधिकारी के जरिए पूरा करवाने के बदले उसने 21 लाख रुपये लिए थे। यह रकम बाद में उसके घर से CBI की छापेमारी के दौरान बरामद हुई थी।

ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर भी लाखों लेने का दावा

ED की शिकायत में कृष्णु शारदा से पूछताछ के दौरान सामने आए कई अन्य कथित लेन-देन का भी जिक्र किया गया है। 23 सितंबर को दर्ज अपने बयान में उसने सरकारी अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग और विभिन्न सरकारी काम करवाने के बदले करीब 15 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की।

एक अन्य मामले में उसने एक सरकारी अधिकारी का तबादला करवाने के लिए पांच लाख रुपये लेने की बात मानी। इसमें से तीन लाख रुपये उसने दूसरे बिचौलिए को दे दिए, जबकि दो लाख रुपये खुद कमीशन के रूप में रखे।

इतना ही नहीं, अधिकारियों की ट्रांसफर सूची से जुड़ी जानकारी लीक करने के बदले अलग-अलग मौकों पर करीब 50 हजार रुपये लेने की बात भी उसके बयान में सामने आई है। ED के मुताबिक, कृष्णु ने पूछताछ के दौरान ऐसे कई मामलों का जिक्र किया, जिनमें सरकारी अधिकारियों के माध्यम से काम करवाने के बदले पैसे लिए गए थे।

हॉकी कोचिंग से 50 हजार मासिक कमाई का दावा

पूछताछ के दौरान कृष्णु शारदा ने अपनी आय के स्रोतों के बारे में भी जानकारी दी। उसने बताया कि वर्ष 2018 से 2022 तक वह मंडी गोबिंदगढ़ नगर परिषद में कॉन्ट्रैक्ट पर फायरमैन के पद पर काम करता था। इसके बाद 2021 से 2025 तक बच्चों को हॉकी की कोचिंग देता रहा।

उसने ED को बताया कि हॉकी कोचिंग से उसे हर महीने करीब 50 हजार रुपये की कमाई होती थी। इसके अलावा हॉकी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर नकद पुरस्कार भी मिलते थे।

16 अक्टूबर 2025 को CBI ने किया था गिरफ्तार

इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब CBI ने 16 अक्टूबर 2025 को निलंबित DIG हरचरण सिंह भुल्लर और कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया था। दोनों पर शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।

CBI ने मंडी गोबिंदगढ़ निवासी आकाश बत्ता की शिकायत पर कार्रवाई की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक आपराधिक मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाकर उससे रिश्वत मांगी जा रही थी। इसके बाद CBI ने कथित रिश्वत लेते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।

मामले में कृष्णु के घर से 21 लाख रुपये नकद मिलने के बाद ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से भी जांच शुरू की। पिछले सप्ताह ED ने कृष्णु शारदा के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की विशेष अदालत में शिकायत दाखिल की। अब उसके बयान में सामने आए कथित लेन-देन ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। निलंबित DIG भुल्लर के खिलाफ भी ED की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *