दिल दहला देने वाली घटना से इलाके में सनसनी; मां और दो पालतू कुत्तों की हत्या के बाद आरोपी खेतों में पहुंचा और खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जूझार सिंह एवेन्यू में 50 वर्षीय हरप्रीत सिंह ने कथित तौर पर पहले अपने दो पालतू कुत्तों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद अपनी मां भूपिंदर कौर की भी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हरप्रीत खेतों की तरफ चला गया, जहां उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, हरप्रीत सिंह करीब सात साल पहले इंग्लैंड से भारत लौटा था। वह नशे का आदी बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उसका अपनी पत्नी के साथ भी विवाद रहता था और वह उससे मारपीट करता था। इसी कारण उसकी पत्नी उसे छोड़कर अलग हो चुकी थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि हरप्रीत छोटी-छोटी बातों पर अपनी मां के साथ भी झगड़ा करता रहता था।
घटना के समय परिवार की एक रिश्तेदार मीनू अपनी दो बेटियों के साथ घर में सो रही थी। सुबह करीब 9 बजे गोलियों की आवाज सुनकर जब वह बाहर निकली तो उसे वारदात का पता चला। बताया जा रहा है कि हरप्रीत ने पहले दोनों पालतू कुत्तों को गोली मारी और फिर अपनी मां को निशाना बनाया। इसके बाद वह घर से निकलकर खेतों में पहुंचा और वहां खुद को गोली मार ली।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, हरप्रीत अपने साथ पिस्टल रखता था, जिसका लाइसेंस उसकी मां के नाम पर था। घटना के समय मां ने उसे गोली न मारने की गुहार भी लगाई, लेकिन वह नहीं रुका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े CCTV कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









