पंजाब चुनाव 2027 से पहले सियासी ताकत दिखाने निकले चरणजीत सिंह चन्नी, लेकिन 45 किलोमीटर की यात्रा में महज डेढ़ किलोमीटर ही चला सके साइकिल; आगे का सफर वाहन से पूरा करने पर उठे सवाल।

इस बार के चुनाव में भी राजनीतिक दलों ने नशे को अपनी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया है।
कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने नशे और गैंगस्टरों के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए 12 नवंबर से चमकौर साहिब से जवानी संभाल साइकिल यात्रा शुरू की है। शनिवार को इस यात्रा का तीसरा दिन था। जालंधर के नूरमहल से सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई यात्रा शाम छह बजे शाहकोट पहुंची।
करीब डेढ़ किलोमीटर ही चला पाए साइकिल
इस दौरान यात्रा ने सात घंटे में दो विधानसभा क्षेत्रों नकोदर व शाहकोट में करीब 45 किलोमीटर का सफर तय किया, लेकिन इस पूरे सफर में पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद यात्रा की शुरुआत में महज डेढ़ किलोमीटर (1,500 मीटर) ही साइकिल के पैडल चलाए। उन्होंने बाकी यात्रा गाड़ी से पूरी की।
नूरमहल से निकलने के बाद उनकी साइकिल भी गाड़ी की सवारी करती रही, जिसकी देखरेख खुद एक सरपंच करते रहे। चमकौर साहिब से शुरू की गई यात्रा में एक हजार से अधिक साइकिल सवार चल रहे हैं। इनमें से अधिकतर साइकिल सवार चमकौर साहिब हलके के हैं। उन्हें यह साइकिल चन्नी ने उपलब्ध करवाए हैं।
जवानी संभाल यात्रा के दौरान चन्नी के साथ कपूरथला के विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राणा गुरजीत, नकोदर हलके से पूर्व विधायक डा. दहिया, शाहकोट हलके के विधायक लाडी शेरोवालिया भी मौजूद रहे। कुछ जगह करतारपुर से कांग्रेस नेता राजिंदर सिंह भी पहुंचे और शाम को शाहकोट में आदमपुर के विधायक सुखविंदर कोटली ने भी शिरकत की।
संरिह गांव में कम भीड़ पर देनी पड़ी सफाई
नूरमहल से निकलने के बाद यात्रा संरिह गांव पहुंची। संरिह वही गांव था जहां कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोक मिलनी की थी। यहां उम्मीद से कम भीड़ देख चन्नी ने भी अपनी बात मंच से पांच मिनट में ही खत्म कर दी।
लाडी शेरोवालिया ने सफाई में कहा कि इस कार्यक्रम में सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी बुलाया है। आने वाले दिनों में नकोदर में डॉ. दहिया इतनी बड़ी रैली करवाएंगे जो ऐतिहासिक होगी।
निशाने पर आप सरकार, भाजपा और शिअद का जिक्र भी नहीं
चन्नी ने जवानी संभाल यात्रा के दौरान नूरमहल, संरिह, शंकर, ढंढेवाल गांव में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर केवल पंजाब सरकार रही। भाजपा और अकाली दल को लेकर कुछ नहीं कहा। चन्नी ने कहा कि जवानी संभाल यात्रा पंजाब के घर-घर की कहानी है। हर परिवार नशे का रोना रो रहा है। गैंग्सटरबाद इतना बढ़ गया है कि लोगों को रंगदारी के फोन आ रहे हैं।
उन्होंने जीरा हलके के गुरप्रीत सेखों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस पर 47 केस हैं। वह जेल में था। उसके साथी गैंग्सटरों ने एक हजार गोलियां चलाईं और उसे छुड़ाया। उसे आम आदमी पार्टी में शामिल किया गया। चन्नी ने कहा कि राज्य सरकार क्या संदेश दे रही है कि अगर विधायक या मंत्री बनना है तो गैंगस्टर बनो।









