बावा हेनरी, विक्रमजीत चौधरी, परगट सिंह, लाडी शेरोवालिया और सुखविंदर कोटली के नामों पर सहमति
बाकी सीटों का फैसला स्क्रीनिंग कमेटी और सर्वे के आधार पर होगा।
जालंधर: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकटों की कवायद तेज हो गई है। जालंधर जिले की 9 विधानसभा सीटों में से 5 सीटों पर पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नाम लगभग फाइनल हो गए हैं। इनमें बावा हेनरी, विक्रमजीत चौधरी, परगट सिंह, लाडी शेरोवालिया और सुखविंदर कोटली के नाम शामिल हैं।
वहीं, जालंधर की बाकी 4 सीटों पर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। इन सीटों को लेकर पार्टी नेतृत्व के बीच मंथन जारी है। बताया जा रहा है कि इन सीटों का मामला अब स्क्रीनिंग कमेटी के पास जाएगा, जहां उम्मीदवारों की राजनीतिक स्थिति, जमीनी पकड़ और चुनावी संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
सर्वे बनेगा टिकट का आधार!
कांग्रेस की रणनीति के तहत बाकी सीटों पर उम्मीदवारों के चयन में सर्वे को अहम आधार बनाया जा सकता है। पार्टी यह जानने की कोशिश करेगी कि किस दावेदार की जनता के बीच पकड़ मजबूत है और कौन चुनावी मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
जालंधर की 9 सीटों में से 5 पर सहमति बनने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल बाकी 4 सीटों को लेकर है। क्या सर्वे किसी नए चेहरे को मौका देगा या पुराने दावेदारों पर ही पार्टी दांव लगाएगी? आने वाले दिनों में कांग्रेस की टिकट रणनीति की तस्वीर और साफ हो सकती है।









