AAP की उम्मीदवार सूची से कांग्रेस में हलचल तेज! राहुल गांधी आज पंजाब के नेताओं से जुटाएंगे टिकट दावेदारों का फीडबैक

पंजाब में चुनावी तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने बढ़ाई सक्रियता, राहुल गांधी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम और उनकी जीत की संभावनाओं पर होगी चर्चा।

सोमवार को दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संभावित उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे।

एक सप्ताह के भीतर पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ हाईकमान की यह तीसरी अहम बैठक होगी। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में पंजाब के नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हो चुकी है। अब उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर फोकस रहेगा।

दावेदारों की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा

बैठक में टिकट के दावेदारों की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के चयन में उनकी साफ छवि, जनता के बीच पकड़, क्षेत्र में सक्रियता और चुनाव जीतने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जा सकता है। इसके अलावा मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन, नए चेहरों की संभावनाओं और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति पर भी विचार-विमर्श होगा।

सीएम मान के गृह जिले में होगी रैली

बैठक का एक महत्वपूर्ण एजेंडा चार नवंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह क्षेत्र संगरूर में होने वाली कांग्रेस की इंसाफ रैली भी रहेगी। राहुल गांधी इस रैली के माध्यम से पंजाब में पार्टी के चुनावी अभियान को धार देंगे।

पंजाब कांग्रेस के नेता रैली की तैयारियों, भीड़ जुटाने की रणनीति, विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी और उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों को लेकर राहुल गांधी को फीडबैक देंगे। रैली में कानून-व्यवस्था, नशा, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और पंजाब से जुड़े अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *