एक साथ तीन बच्चियों की मौत ने खड़े किए कई सवाल, आखिर क्या हुआ था उनके साथ? घटना के बाद परिवारों में मातम और पूरे इलाके में भय का माहौल।
सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम गांव पहुंच गई है और मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है.
जानकारी के मुताबिक, एक परिवार की दो सगी बहनों- खुशनसीब (उम्र 7 साल) और गुरवीर (उम्र 1 साल) की मौत हुई है. वहीं, गांव के ही दूसरे परिवार की मात्र 6 महीने की बच्ची मनप्रीत कौर ने भी दम तोड़ दिया. परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, अचानक बच्चियों की तबीयत बिगड़ी और उनके मुंह से झाग निकलने लगा. कुछ ही देर में तीनों ने दम तोड़ दिया, जिससे मौत की वजह को लेकर रहस्य गहरा गया है.
सिविल अस्पताल में रखी गईं मृत देह, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
तीनों बच्चियों के शवों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह (जहर, फूड प्वाइजनिंग या कोई संक्रमण) साफ हो सकेगी. दो बच्चियों की मां रमनदीप कौर, एक बच्ची की मां वीरपाल, दादी रानी और गांव के सरपंच हरप्रीत सिंह ने इस दुखद घटना की जानकारी दी. एक साथ तीन मासूमों की जान जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सेहत विभाग की टीम गांव पहुंची, शुरू किया घर-घर सर्वे
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आ गया है. सेहत विभाग के अधिकारी युवराज सिंह ने बताया कि विभाग की मेडिकल टीम गांव मोहरे वाला पहुंच चुकी है. स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में घर-घर जाकर सर्वे करेगी और आसपास के पानी, भोजन या वातावरण से जुड़े सैंपलों की जांच कर यह पता लगाएगी कि आखिर किन परिस्थितियों में मासूमों की जान गई.









