दोराहा में अकाली दल वारिस पंजाब के सीनियर नेता जसवंत सिंह चीमा पर फायरिंग

खन्ना (दोराहा):
अकाली दल वारिस पंजाब के सीनियर नेता जसवंत सिंह चीमा पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यह घटना दोराहा इलाके के गुरथली पुल के पास उस समय हुई, जब जसवंत सिंह चीमा लुधियाना से अपनी इनोवा कार में दोराहा की ओर जा रहे थे।


रास्ते में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। अंधेरा होने के कारण जसवंत सिंह चीमा को किसी साजिश की आशंका हुई और उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी।
इसी दौरान बाइक सवारों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे इनोवा कार की खिड़की में जा लगी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में जसवंत सिंह चीमा पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा।


घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


फिलहाल इस फायरिंग की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन इसे लेकर राजनीतिक हलकों में गंभीर चिंता जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *