बेंगलुरु मैट्रिमोनी ठगी: शादी का झांसा देकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर से 1.52 करोड़ की ठगी, ‘715 करोड़ का बिजनेसमैन’ निकला शादीशुदा आरोपी
बेंगलुरु। मैट्रिमोनी वेबसाइट पर शादी का वादा कर एक 29 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर से 1.52 करोड़ रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता नव्या श्री ने आरोप लगाया है कि विजय राज गौड़ा उर्फ विजेंत बी. ने खुद को 715 करोड़ रुपये की संपत्ति का मालिक और बड़ा बिजनेसमैन बताकर न सिर्फ उससे, बल्कि उसके परिवार और दोस्तों से भी भारी रकम ऐंठ ली।
जानकारी के मुताबिक, मार्च 2024 में नव्या की मुलाकात ‘वोक्कालिगा मैट्रिमोनी’ के जरिए विजय से हुई थी। आरोपी ने खुद को VRG एंटरप्राइजेज का मालिक बताते हुए बेंगलुरु के राजाजीनगर और सदाशिवनगर में क्रशर, लॉरी, जमीन और संपत्तियों का दावा किया। भरोसा जीतने के लिए उसने 2019 के प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े एक जमानत आदेश की कॉपी भी दिखाई।
बिजनेस के नाम पर शुरू हुआ ठगी का खेल
4 अप्रैल को बैंक अकाउंट में समस्या का बहाना बनाकर आरोपी ने फोनपे से 15 हजार रुपये उधार लिए। इसके बाद नव्या को साझेदारी में बिजनेस करने के लिए राजी किया और लोन व दोस्तों से पैसे जुटवाए। आरोपी ने अपने पिता कृष्णप्पा बी. गौड़ा (खुद को रिटायर्ड तहसीलदार बताने वाला), मां नेत्रावती और बहन बताकर एक महिला से नव्या की मुलाकात करवाई।
दोस्तों और परिवार से भी वसूली
एफआईआर के अनुसार, विजय ने नव्या के दोस्तों से भी निवेश के नाम पर 66 लाख और 23 लाख रुपये जुटाए। बाद में कोर्ट आदेश दिखाकर दावा किया कि उसके बैंक खाते फ्रीज हैं। नव्या के माता-पिता से करीब 30 लाख रुपये लिए गए। दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच पिता ने 10.5 लाख और मां ने रिटायरमेंट फंड सहित 18 लाख रुपये दिए। इसके अलावा, नव्या के गहनों पर 10 लाख और भाई-बहनों से 5 लाख रुपये भी लिए गए।
‘बहन’ दरअसल पत्नी निकली
जब नव्या पैसे वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची, तो खुलासा हुआ कि विजय पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। जिसे बहन बताया गया था, वह उसकी पत्नी निकली, जिससे तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। आरोप है कि पैसे मांगने पर विजय और उसके परिवार ने जान से मारने की धमकी दी।
कुल 1,75,66,890 रुपये में से केवल 22,51,800 रुपये ही लौटाए गए हैं, जबकि 1,53,15,090 रुपये अब भी बकाया हैं। पुलिस ने आरोपी, उसके पिता और पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









