जालंधर (पंजाब):
पंजाब के जालंधर शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब शहर के एक प्रसिद्ध डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी गई। गैंगस्टर की ओर से भेजे गए धमकी भरे संदेश में 2 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर डॉक्टर और उनके पूरे परिवार को खत्म करने की चेतावनी दी गई है।
धमकी के बाद दहशत में डॉक्टर परिवार, घर बना किला
धमकी मिलने के बाद डॉक्टर और उनका परिवार डर के साये में जीने को मजबूर है। सुरक्षा के मद्देनज़र डॉक्टर ने मॉडल टाउन स्थित अपने घर को इलेक्ट्रिक फेंसिंग (बिजली के तारों) से कवर करवा दिया है। हालात ऐसे हैं कि डॉक्टर बीते कई दिनों से घर से बाहर भी नहीं निकले।
पुलिस कमिश्नर से मिले डॉक्टर, सुरक्षा बढ़ाई गई
इस गंभीर मामले को लेकर डॉक्टर ने तुरंत जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने डॉक्टर के घर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है और जांच शुरू कर दी गई है।
व्यस्त इलाके में है अस्पताल, शहर में फैली दहशत
पीड़ित डॉक्टर का अस्पताल गुरु नानक मिशन चौक जैसे शहर के अत्यंत व्यस्त इलाके में स्थित है। इसके अलावा उनके एक करीबी रिश्तेदार की शहर में दो पहिया वाहनों की बड़ी एजेंसी भी बताई जा रही है। इस घटना के बाद शहर के डॉक्टरों और चिकित्सा जगत में दहशत का माहौल बन गया है।
FIR को लेकर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस मामले में आधिकारिक एफआईआर दर्ज की गई है या नहीं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।









