जालंधर में कारोबारी से मांगी थी पांच करोड़ की रंगदारी; नकोदर पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़, दो आरोपी अरेस्ट

जालंधर (पंजाब):
नकोदर पुलिस ने समय रहते बड़ी फायरिंग की साजिश को नाकाम करते हुए गैंग्स्टर नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई रंगदारी और फायरिंग की धमकियों से जुड़े एक गंभीर मामले में की गई। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।


कारोबारी से मांगी गई थी 5 करोड़ की रंगदारी
आरोपियों ने नकोदर निवासी कारोबारी मनीष बक्शी उर्फ मन्नू से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। मनीष बक्शी पिछले करीब 16–17 वर्षों से बक्शी ट्रैवल कंपनी और बी.बी. स्कूल ऑफ आईएलटीएस का संचालन कर रहे हैं।


जानकारी के अनुसार 11 नवंबर 2025 को शिकायतकर्ता को विदेश से कई कॉल आईं, जिनमें कॉल करने वालों ने खुद को गोल्डी बराड़ और रोहित गोधरा गैंग से जुड़ा बताया और रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। परेशान कारोबारी ने थाना सिटी नकोदर में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।


फायरिंग की धमकी से बढ़ी चिंता
इसके बाद 16 और 17 जनवरी 2026 की रात को दोबारा धमकी भरे संदेश भेजे गए, जिनमें फायरिंग किए जाने का दावा किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दूसरी एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी।


नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
एसएसपी जालंधर रूरल एस. हरविंदर सिंह विर्क के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। गुप्त सूचना के आधार पर नूरमहल रोड पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान
अंकित कुमार उर्फ अंकित को गोली लगी
हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर की टांग में फ्रैक्चर हो गया


हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर अस्पताल में भर्ती करवाया है। उनके कब्जे से
एक .30 बोर पिस्तौल
तीन जिंदा कारतूस
बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस गैंग्स्टर कनेक्शन, कॉल डिटेल्स और अन्य सहयोगियों की भूमिका को लेकर गहन जांच कर रही है, ताकि इस मामले की पिछली और अगली कड़ियों का खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *